हरियाणा

जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की अंतिम तिथि 30 नवंबर तय

Admindelhi1
31 Oct 2026 11:36 AM IST
जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की अंतिम तिथि 30 नवंबर तय
x
पेंशन जारी रखने के लिए समय पर जमा कराएं जीवन प्रमाण पत्र

नूंह: नूंह जिले के सभी सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों और फैमिली पेंशनरों को 30 नवंबर तक अपना वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाना अनिवार्य है। निर्धारित समयसीमा में प्रमाण पत्र जमा नहीं करवाने पर पेंशन भुगतान प्रभावित हो सकता है। जिला खजाना अधिकारी संदीप चौधरी ने पेंशनरों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते यह प्रक्रिया पूरी कर लें।

संदीप चौधरी ने बताया कि जिला खजाना कार्यालय नूंह के अलावा उप-खजाना कार्यालय फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना और तावडू में भी जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने की सुविधा उपलब्ध है। इन कार्यालयों से पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनर संबंधित कार्यालय में पहुंचकर अपना वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रमाण पत्र जमा करवाने के लिए पेंशनरों को अपना आधार कार्ड, मूल पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) की प्रति और मोबाइल फोन साथ लेकर आना होगा।

जिला खजाना अधिकारी ने कहा कि समय पर जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने से पेंशन संबंधी रिकॉर्ड अपडेट रहेगा और पेंशन का भुगतान निर्बाध रूप से जारी रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी पेंशनरों से निर्धारित समयसीमा का पालन करने और किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।

Next Story