हरियाणा

बुजुर्ग के शव को चूहों ने कुतरा, करोड़ों के मकान में अकेले रह रहा था

Shantanu Roy
21 Nov 2022 2:08 PM GMT
बुजुर्ग के शव को चूहों ने कुतरा, करोड़ों के मकान में अकेले रह रहा था
x
बड़ी खबर
करनाल। हरियाणा में करनाल के रामनगर में एक बुजुर्ग के शव को चूहों ने कुतर दिया। सोमवार सुबह जब बुजुर्ग घर से बाहर नहीं निकला तो आसपास के लोगों को कुछ संदेह हुआ। उन्होंने मकान के अंदर जाकर देखा तो बुजुर्ग के शव के ऊपर से चूहे घूम रहे थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के मॉर्च्युरी हाउस में भिजवा दिया। जानकारी के अनुसार रामनगर निवासी मनोहर लाल पिछले 10 साल से अपने मकान में अकेले ही रहा था। मनोहर लाल का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था। जिसके चलते मनोहर लाल की पत्नी व उसके बच्चे गुरुग्राम में रह रहे थे।
शराब पीते थे मनोहर लाल
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मनोहर लाल सेल्स टैक्स विभाग में ड्राइवर के पद पर तैनात था। वह रोजाना शराब पीने का आदी था। जिसके चलते वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ लड़ाई झगड़ा करता था। इसी से परेशान होकर उसकी पत्नी व बच्चे उसे छोड़कर चले गए थे।
करोड़ों रुपए के मकान में लगे गंदगी के ढेर
वहीं जिस मकान में मनोहर लाल रहता था उसकी किमत करोड़ों रुपए है। अब पिछले दस 10 साल से मकान की सफाई भी नहीं थी। घर में दारू की खाली बोतलों व गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। वहीं गली के सभी आवारा कुत्तों ने इस घर में डेरा डाला हुआ था।
शाम तक पहुंचेंगे परिजन
मौके पर पहुंचे रामनगर थाना के IO कप्तान सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में भिजवा दिया है। परिजनों को सूचना दे दी गई। शाम तक परिजन करनाल पहुंच जाएंगे। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
Next Story