हरियाणा

शहर की सफाई व्यवस्था मजबूत करने को 875 वाहन लगाएगा निगम

Admindelhi1
27 Oct 2026 9:51 AM IST
शहर की सफाई व्यवस्था मजबूत करने को 875 वाहन लगाएगा निगम
x
नगर निगम क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को मिलेगी मजबूती

गुरुग्राम: प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्यिक मंत्री राव नरबीर सिंह ने नगर निगम गुरुग्राम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सभी सडक़ों को धूल-मिट्टी से मुक्त बनाया जाए। सडक़ों की डीप क्लीनिंग करवाने के साथ नियमित रूप से पानी का छिडक़ाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि धूल के कारण होने वाले वायु प्रदूषण को कम किया जा सके। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने, कचरा प्रबंधन में तेजी लाने और प्रदूषण नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया।

उद्योग मंत्री सोमवार को गुरुग्राम के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर लीगेसी वेस्ट के निस्तारण, सडक़ सुधार और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। राव नरबीर सिंह ने कहा कि सडक़ों पर जमा धूल-मिट्टी को हटाने के लिए नियमित रूप से विशेष सफाई अभियान चलाए जाएं। संबंधित अधिकारी डीप क्लीनिंग और पानी के छिडक़ाव की नियमित निगरानी करें, ताकि इन कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके और नागरिकों को प्रदूषण से राहत मिले।

नगर निगम गुरुग्राम द्वारा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं परिवहन के लिए पांच वर्ष की अवधि और दो वर्ष के विस्तार प्रावधान वाला दीर्घकालिक टेंडर आवंटित किया गया है। इसके तहत क्लस्टर-1 में मैसर्स दिल्ली एमएसडब्ल्यू सॉल्यूशंस लिमिटेड और क्लस्टर-2 में मैसर्स बीवीजी इंडिया लिमिटेड को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों क्लस्टरों में कुल 875 वाहनों की व्यवस्था की गई है, जिनमें 675 लाइट कमर्शियल वाहन (एलसीवी), 184 ई-रिक्शा और 16 कॉम्पैक्टर शामिल हैं।

वाहनों की तैनाती 28 अक्टूबर से शुरू करने की योजना है, जिसके पहले चरण में 100 वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। दीर्घकालिक व्यवस्था शुरू होने तक शहर के आठ जोन में अंतरिम व्यवस्था के तहत 591 वाहनों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं परिवहन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, मैनुअल रोड स्वीपिंग, नालों की सफाई और झाडिय़ों की कटाई के लिए 1,673 कर्मचारियों, 47 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और छह जेसीबी की व्यवस्था की गई है। मैकेनिकल रोड स्वीपिंग के लिए 25 मशीनें हैं।

बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर लीगेसी वेस्ट प्रबंधन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 20 अक्टूबर 2026 तक कुल 58.50 लाख मीट्रिक टन कचरा प्राप्त हुआ है, जिसमें से 42.95 लाख मीट्रिक टन का निस्तारण किया जा चुका है। बैठक में सडक़ सुधार एवं नागरिक शिकायतों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। 24-आवर चैलेंज के तहत प्राप्त 3,815 शिकायतों में से 3,041 का निस्तारण किया जा चुका था, जबकि 774 शिकायतें लंबित थीं।

Next Story