हरियाणा

अस्पताल में 12 घंटे से भी ज्यादा समय तक खुले में पड़ा रहा अज्ञात युवक का शव

Shantanu Roy
9 Oct 2022 5:30 PM GMT
अस्पताल में 12 घंटे से भी ज्यादा समय तक खुले में पड़ा रहा अज्ञात युवक का शव
x
बड़ी खबर
भिवानी। जिस जगह पर मरीजों का इलाज होता हो उस जगह पर एक अज्ञात युवक का शव 12 घंटे से भी ज्यादा समय तक खुले अासमान तले पड़ा रहे वहां मरीजों का इलाज कैसे होता होगा इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। जी हां हम बात कर रहे हैं शहर के सिविल अस्पताल की। यहां के ब्लड बैंक के सामने खुले में ही करीब 30 साल मानसिक रूप से परेशान युवक की शनिवार शाम ही मौत हो चुकी थी। मगर पुलिस को इसकी जानकारी रविवार सुबह साढे 7 बजे मिली। पुलिस ने शव को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए डैड हाउस में रखवाया है। हुआ यूं की एक करीब 30 साल का युवक पिछले 3-4 दिन से सिविल अस्पताल परिसर में चक्कर काट रहा था। उसे देखकर यही अंदाजा लगाया जा रहा था कि वह मानसिक रूप से संतुलन खोए हुए है। इसका कारण यह है वह किसी को अपने बारे में कुछ नहीं बता रहा था।
शुक्रवार को बिलकुल नंगा घूम रहा था
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उक्त युवक शुक्रवार को बिलकुल नंगा घूम रहा था। यह देख लोगों ने किसी तरह काबू कर उसे कपड़े पहनाए। इस बारे में सिविल अस्पताल पुलिस चौकी में नियुक्त ए.एस.आई. परमजीत ने बताया कि शुक्रवार को उक्त युवक पुलिस चौकी में भी घुस आया था और यहां अआकर गिर गया। इस पर उसे बड़ी मुश्किल से होश में लाकर वहां से बाहर किया गया था।
शनिवार शाम को ही हो गई मौत
बताया जाता है कि उक्त युवक शनिवार शाम को ब्लड बैंक के सामने जमीन पर लेट गया। वहीं पर उसकी शाम को मौत हो चुकी थी, लेकिन किसी ने इस बारे में पुलिस को सूचना नहीं दी। जबकि उस जगह से अस्पताल के सभी 10 वार्डों में जाने का रास्ता है। इस बारे में दिनोद गेट चौकी प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि उन्हें इस बारे में रविवार सुबह सूचना मिली थी। इस पर उन्होंने शव को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए डैड हाउस में रखवा दिया है। उन्होंने बताया कि मृतक की उम्र करीब 30 साल है।
Next Story