हरियाणवी संस्कृति के रंग में रंगे दर्शक, प्रस्तुतियों का लिया आनंद

हिसार: हरियाणा दिवस के अवसर पर रविवार को गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और उपलब्धियों को दर्शाती प्रस्तुतियों ने समां बांधा। हरियाणवी कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इस दौरान कुरुक्षेत्र से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संदेश का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी प्रदेशवासियों को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
समारोह को संबोधित करते हुए शालिनी चेतल ने कहा कि हरियाणा दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की उपलब्धियों पर गर्व करने और उसे भविष्य में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लेने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की लोक संस्कृति, रीति-रिवाज और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इन्हें संरक्षित कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ प्रदेश के इतिहास, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
इतिहासकार ने प्रदेश की ऐतिहासिक यात्रा पर डाला प्रकाश
कार्यक्रम में प्रसिद्ध इतिहासकार प्रोफेसर महेंद्र ने हरियाणा के गठन से पहले और उसके बाद की ऐतिहासिक यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने प्रदेश के विकास और ऐतिहासिक विरासत से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों ने हरियाणा वंदना, 'जय-जय वीर भूमि हरियाणा' और राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' की मनमोहक प्रस्तुति दी। प्रसिद्ध कलाकार अंकित शर्मा और शिक्षा विभाग की टीमों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन किया।
समारोह में एसडीएम ज्योति मित्तल, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. वेद प्रकाश बेनीवाल, डीईटीसी तरुणा लांबा, उच्चतर शिक्षा विभाग से कमलेश दुहन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





