हरियाणा

ऑल इंडिया लोहार ट्रस्ट ने 70 होनहारों को सम्मानित कर बढ़ाया मनोबल

Admindelhi1
3 Oct 2026 5:11 PM IST
ऑल इंडिया लोहार ट्रस्ट ने 70 होनहारों को सम्मानित कर बढ़ाया मनोबल
x
हिसार में प्रतिभाओं का सम्मान, 70 होनहारों को मिला सम्मान

हिसार: शिक्षा के क्षेत्र में समाज को नई दिशा देने के उद्देश्य से ऑल इंडिया लोहार ट्रस्ट हरियाणा की ओर से यहां की जाट धर्मशाला में प्रतिभा सम्मान एवं कैरियर मार्गदर्शन समारोह-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को ऑर्बिटल अकादमी, पंचकूला एवं ऑल इंडिया लोहार ट्रस्ट हरियाणा द्वारा प्रायोजित किया गया था।

समारोह में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 10वीं-12वीं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, स्नातक, स्नातकोत्तर तथा दीनी तालीम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 70 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एमबीबीएस व आईआईटी जैसे देश के सर्वोच्च संस्थानों में प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों का विशेष सम्मान रहा। उनकी सफलता की कहानी ने उपस्थित सैकड़ों बच्चों और अभिभावकों को खूब प्रेरित किया।

इस अवसर पर ट्रस्ट की कोर कमेटी के सदस्यों ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानना और समय पर उनका हौसला बढ़ाना ही समाज की असली सेवा है। जब हमारा बच्चा हाथ में कलम उठाएगा, तभी पूरे देश में लोहार समाज का नाम रोशन होगा।

विशेष कैरियर मार्गदर्शन सत्र में आरिफ सर द्वारा बच्चों को भविष्य के कैरियर विकल्पों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया, जिसे सभी ने बहुत सराहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अभिभावकों में गजब का उत्साह देखने को मिला। ट्रस्ट की ओर से सभी 70 सम्मानित विद्यार्थियों और उनके माता-पिता को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

Next Story