हरियाणा

बाइक चोरी करते पकड़ा गया आरोपी, नारनौल का मामला

Admindelhi1
13 Nov 2026 5:35 PM IST
बाइक चोरी करते पकड़ा गया आरोपी, नारनौल का मामला
x
बाइक चोर की करतूत उजागर, रंगे हाथों पकड़ा गया

नारनाैल: नांगल चौधरी कस्बे में पिछले करीब एक महीने से लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच गुरुवार शाम लोगों ने एक संदिग्ध युवक को बाइक चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। युवक बस स्टैंड के पास खड़ी बाइक का लॉक खोलकर उसे लेकर फरार होने की फिराक में था। इसी दौरान बाइक मालिक की सतर्कता से उसकी कोशिश नाकाम हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति गुरुवार शाम बस स्टैंड के पास अपनी बाइक खड़ी कर सामान लेने के लिए दुकान पर गया था। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक वहां पहुंचा और चाबी लगाकर बाइक का लॉक खोलने लगा। युवक काफी देर तक लॉक खोलने का प्रयास करता रहा। बाइक मालिक की नजर पहले से ही उस पर थी। जैसे ही युवक बाइक लेकर जाने की तैयारी करने लगा, मालिक ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कस्बे में पिछले एक महीने के दौरान करीब 10 बाइक चोरी हो चुकी हैं। चोरी की घटनाएं लाइब्रेरी क्षेत्र, बीडीपीओ ब्लॉक, बस स्टैंड परिसर और डॉक्टर नरेश वाली गली सहित कई स्थानों पर हुई हैं। लगातार हो रही वारदातों से वाहन मालिकों में चिंता बनी हुई थी। पकड़ा गया संदिग्ध राजस्थान के देवता गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।

नांगल चौधरी थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम उसके बताए स्थानों पर छापामारी भी कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में बाइक चोरी की अन्य वारदातों के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं। चोरी हुई मोटरसाइकिलों की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story