हरियाणा

दिन में दुकानों की जगह चिन्हित करता, रात को चोरी करता आरोपी गिरफ्तार

Saba Naaz
25 Jun 2025 6:48 PM IST
दिन में दुकानों की जगह चिन्हित करता, रात को चोरी करता आरोपी गिरफ्तार
x
कैथल Kaithal : पिछले दिनों कलायत क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जींद जिले के दुर्जनपुर गांव निवासी शातिर चोर पवन कुमार को गिरफ्तार किया है।
इस गिरफ्तारी के बाद कलायत और किठाना क्षेत्र की 12 दुकानों से चोरी के 8 मामले सुलझ गए हैं। हालांकि, पवन का साथी मटौर निवासी राजू अभी फरार है डीएसपी सुशील प्रकाश ने सीआईए-वन थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी राजू दिन के समय दुकानों की रेकी करता था और रात में पवन कुमार को बुलाता था। दोनों अपनी वैगनआर कार को दुकानों से दूर खड़ा कर, सीढ़ी की मदद से छत के रास्ते दुकानों में घुसते थे। वे दरवाजा तोड़कर नकदी, एलईडी, और डीवीआर चुराते थे ताकि सीसीटीवी फुटेज से बचा जा सके।
दोनों की दोस्ती 2018 में मेले में सामान बेचते समय हुई थी। साल 2019 में टोहाना में चोरी के मामले में दोनों जेल भी जा चुके हैं। इसके बाद उन्होंने रात में दुकानों को निशाना बनाने की योजना बनाई। खरक पांडवा निवासी मुकेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 3-4 जून की रात को कलायत बस अड्डे के पास उनकी जूस की दुकान से एक एलईडी, एक डीवीआर, 10 हजार रुपये नकदी और पड़ोस के मेडिकल स्टोर से एक एलईडी, एक डीवीआर, 4 हजार रुपये नकदी व पशुओं की दवाइयां चोरी हो गई थीं। इस शिकायत पर थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया।
सीआईए-वन के प्रभारी एसआई जसवंत की टीम ने पवन कुमार को गिरफ्तार किया। रिमांड के दौरान पवन ने अपने साथी राजू के साथ मिलकर कलायत की 10 और किठाना की दो दुकानों से चोरी की वारदातें कबूल कीं। पुलिस ने पवन के कब्जे से एक एलईडी, 5 हजार रुपये नकदी, वारदात में इस्तेमाल वैगनआर कार, और ताला तोड़ने के औजार बरामद किए। डीएसपी ने बताया कि राजू कलायत क्षेत्र में रेहड़ी लगाकर कबाड़ी का काम करता था। पवन कुमार को बुधवार को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस फरार आरोपी राजू की तलाश में छापेमारी कर रही है।
Next Story