हरियाणा

नाबालिग छात्रा से अनुचित व्यवहार के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार

Admindelhi1
24 Oct 2026 5:28 PM IST
नाबालिग छात्रा से अनुचित व्यवहार के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार
x
नाबालिग छात्रा से दुर्व्यवहार मामले में शिक्षक पर कार्रवाई

फतेहाबाद: नाबालिग छात्रा के साथ कथित अभद्र व्यवहार एवं छेड़छाड़ करने के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी शिक्षक को काबू किया है। आरोपी शिक्षक अनूप मूलतः चरखी दादरी का निवासी है तथा टोहाना में बतौर शिक्षक कार्यरत है। थाना शहर टोहाना प्रभारी निरीक्षक संदीप ने बताया कि एक सरकारी विद्यालय की छात्रा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 21 अक्टूबर को विद्यालय परिसर में पानी पीकर कक्षा में लौटते समय संबंधित शिक्षक ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। छात्रा ने शिक्षक पर अन्य छात्राओं के प्रति भी आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप लगाए हैं।

शिकायत के अनुसार, 22 अक्टूबर को विद्यालय में दो शिक्षकों के बीच हुई कहासुनी एवं विवाद के दौरान कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल, टोहाना ले जाया गया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर नाबालिग छात्रा के बयान उसकी माता की उपस्थिति में दर्ज किए। शिकायत के आधार पर थाना शहर टोहाना में बीएनएस व पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। मामला दर्ज करने के बाद आरोपी शिक्षक को शुक्रवार को गिरफ्तार करने के बाद शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

Next Story