हरियाणा

टाटा पास्को मोटर्स कंपनी दोसड़का के फोरमैन राजेंद्र ने फंदा लगाकर करी आत्महत्या

Rounak Dey
17 Jun 2023 2:21 PM GMT
टाटा पास्को मोटर्स कंपनी दोसड़का के फोरमैन राजेंद्र ने फंदा लगाकर करी आत्महत्या
x

हरियाणा | यमुनानगर के गांधी नगर थाना क्षेत्र की शिवपुरी ए कॉलोनी में टाटा पास्को मोटर्स कंपनी दोसड़का के फोरमैन राजेंद्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव उनके ही घर में पंखे की हुक से बने फंदे पर लटका मिला। मृतक की पत्नी का आरोप है कि कंपनी के मैनेजर व सुपरवाइजर ने उसके पति की डिमोशन किया। जिससे आहत होकर उसके पति ने फंदा लगाकर जान दी है।

मृतक के पास से कथित सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है। जिसमें उसने कंपनी के मैनेजर व सुपरवाइजर को अपनी मौत का जिम्मेवार बताया है। गांधी नगर थाना पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिवपुरी ए कॉलोनी निवासी गुरमीत कौर ने गांधी नगर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपना प्राइवेट काम करती है। उसके पति राजेंद्र करीब 15 साल से दोसड़का स्थित टाटा पास्को मोटर्स कंपनी में फोरमैन के पद पर कार्यरत थे।

सुबह आठ बजे उसके पति ड्यूटी पर चले जाते थे और रात करीब साढ़े सात बजे वापस आते थे। पिछले करीब दो-तीन माह से उसके पति काफी परेशान थे। जब उसने अपने पति से इसका कारण पूछा तो उन्होंने बताया था कि उनकी कंपनी में मनु मैनेजर व मनदीप बतौर सुपरवाइजर लगे हुए हैं।

दोनों आरोपी काफी समय से छोटी छोटी बातों को लेकर उसे परेशान कर रहे हैं। जबकि वह अपना कार्य पूरी ईमानदारी व लगन से कर रहा है। इसके बावजूद भी इन दोनों आरोपियों ने उसका डिमोशन कर दिया और उसे जातिसूचक शब्द बोलकर अपमानित किया। आरोपी उसे आत्महत्या के लिए उकसाते हैं।

यह बात सुनकर उसने अपने पति को समझाया कि आप मन लगाकर अपना काम करें। किसी प्रकार की कोई टेंशन न लो। पर उसका पति राजेंद्र उसे कहता था कि यह बाते उसके दिमाग से नहीं निकल रही है। शुक्रवार को उसके पति ने उसे कहा कि उसका आज काम पर जाने का मन नहीं है।

वह काम पर नहीं जाएगा। इसके बाद सुबह सात बजे वह अपने पति को घर पर छोड़कर अपने काम पर चली गई। उसका बेटा कुनाल अपने मामा के घर पर गया हुआ था। बड़ा बेटा बुआ के घर पर था। दोपहर करीब दो बजे जब वह खाना खाने घर पर आई उसका कमरा अंदर से बंद था।

उसने अपने पति का आवाज देकर दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। उसने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। जब उसने कमरे के बाहर से दरवाजे पर बने रोशनदान पर चढ़कर देखा तो उसका पति राजेंद्र पंखे के हुक से अपने गले में रस्सी डालकर फंदे पर लटका हुआ था।

उसने शोर मचाया और अपने देवर सुरेंद्र को दुकान से बुलाया। वहीं, आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए। उसने अपने देवर की मदद से दरवाजा तोड़ा और तुरंत अपने पति को फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Next Story