
कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आज संविधान पर हो रहे हमलों और दलितों के अधिकारों को खत्म करने की साजिश के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का आह्वान किया। कैथल में बीआर अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित ‘संविधान बचाओ-अधिकार बचाओ’ सम्मेलन के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा की नरेंद्र मोदी और नायब सैनी सरकार बाबा साहब के भारत के अधिकारों पर हमला करने की साजिश कर रही है। एक ओर जहां भाजपा दलितों के आरक्षण को खत्म कर रही है, वहीं दूसरी ओर दलितों के कल्याणकारी योजनाओं के बजट में कटौती करके उन्हें सरकार में भागीदारी से षडयंत्रपूर्वक बाहर किया जा रहा है। यह बीआर अंबेडकर की सोच और शिक्षा दोनों के खिलाफ है। कांग्रेस नेता ने भाजपा पर संविधान बदलने और गरीबों के अधिकारों को खत्म करने की साजिश करने का आरोप लगाया और जनता से संविधान बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "बाबा साहब के सपनों को तोड़ने के लिए भाजपा आरक्षण पर हमला कर रही है। सरकारी संस्थाओं में 30 लाख से ज्यादा पद खाली पड़े हैं। इन पदों पर नियुक्ति न करके भाजपा आरक्षण खत्म कर रही है। इतना ही नहीं, पिछले 10 सालों में मोदी सरकार ने 23 सरकारी फैक्ट्रियों और उपक्रमों को बेचकर 4 लाख करोड़ रुपए कमाए हैं।





