
Haryana: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) पर सहायक प्रोफेसर के पदों पर भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं। आज यहां कांग्रेस भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सुरजेवाला ने दस्तावेज साझा करते हुए दावा किया कि इनसे उनके द्वारा लगाए जा रहे आरोपों की पुष्टि होती है। उन्होंने एचपीएससी को 'हेरा फेरी सेवा आयोग' बताते हुए इसे तत्काल भंग करने की मांग की और भाजपा को 'भारती जलसाजी पार्टी' करार दिया। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। कांग्रेस सांसद ने 24 श्रेणियों में सहायक प्रोफेसरों की भर्ती में अनियमितताओं को सबूत के तौर पर पेश करते हुए कहा कि नायब सिंह सैनी सरकार हरियाणा के युवाओं का करियर खराब करने में खुली संलिप्त रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री और एचपीएससी अधिकारियों पर चुनिंदा उम्मीदवारों को लाभ पहुंचाने के लिए जानबूझकर प्रयास करने का आरोप लगाया, जबकि 2019 से इन भर्तियों के लिए इंतजार कर रहे लाखों पात्र आवेदकों की अनदेखी की।





