हरियाणा

Surat: सूरत में जलभराव और ट्रैफिक जाम से जनजीवन प्रभावित

Admindelhi1
23 Jun 2026 8:58 AM IST
Surat: सूरत में जलभराव और ट्रैफिक जाम से जनजीवन प्रभावित
x
बारिश से मौसम हुआ सुहाना, सड़कों पर लगा जाम

सूरत: पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और असहनीय उमस का सामना कर रहे सूरतवासियों को आखिरकार राहत मिल गई। सोमवार सुबह से ही शहर और आसपास के क्षेत्रों के मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में घने काले बादल छाने के बाद उधना, पांडेसरा, भटार समेत कई इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश हुई।

मौसम विभाग की पूर्वानुमान के अनुरूप सूरत के अधिकांश क्षेत्रों में मेघराजा ने दस्तक दे दी। दक्षिण और मध्य जोन के उधना, पांडेसरा, अठवागेट और भटार में भारी वर्षा दर्ज की गई। वहीं ताप्ती नदी के पार स्थित जहांगीरपुरा, अडाजन और रांदेर क्षेत्रों में भी जोरदार बारिश हुई। इसके अलावा वराछा, कतारगाम, डुमस, नानपुरा और सचिन क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिले के विभिन्न तालुकाओं में निम्नानुसार वर्षा रिकॉर्ड की गई—

उमरपाड़ा – 1.77 इंच

आरेठ – 1.02 इंच

सूरत शहर – 0.59 इंच

महुवा – 0.47 इंच

कामरेज – 0.24 इंच

चौर्यासी – 0.20 इंच

पलसाणा – 0.20 इंच

मंडवी – 0.04 इंच

अंबिका – 0.04 इंच

बारिश के कारण सुबह के समय जनजीवन प्रभावित हुआ। शहर के कई निचले इलाकों और सड़कों पर पानी भर जाने से जगह-जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। नौकरी और व्यवसाय के लिए निकलने वाले लोगों के साथ-साथ स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक हुई बारिश के कारण बहुत लोग भीग गए।

राज्य मौसम विभाग ने पहले ही दक्षिण गुजरात, विशेषकर सूरत में बारिश की संभावना जताई थी। उमस और गर्मी से परेशान लोगों को इस बारिश से बड़ी राहत मिली है तथा पूरे क्षेत्र में ठंडक का एहसास हुआ है। फिलहाल आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Next Story