सूरजकुंड मेले का आयोजन 17 दिन तक, पहली बार बदली गई तारीखें

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अरावली पहाड़ियों के बीच आयोजित होने वाले 40वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले की तारीखों में बदलाव किया गया है। इस बार मेला 5 फरवरी से शुरू होकर 21 फरवरी 2027 तक चलेगा। कुल 17 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन की तारीखों में पहली बार बदलाव किया गया है।
हरियाणा पर्यटन विभाग के अनुसार, वीकेंड को ध्यान में रखते हुए आयोजन की नई तारीखें निर्धारित की गई हैं। पहले यह मेला सामान्य तौर पर 1 से 15 फरवरी तक आयोजित होता रहा है।
इस बार मेले में एक की बजाय दो राज्यों को थीम स्टेट बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। वहीं, पार्टनर कंट्री के नाम की घोषणा भी जल्द किए जाने की संभावना है।
हरियाणा पर्यटन विभाग के एजीएम हरविंदर यादव के अनुसार, मेले में देशभर के शिल्पकार अपने हस्तनिर्मित उत्पादों, पारंपरिक कलाकृतियों और लोककलाओं का प्रदर्शन करेंगे। विदेशी कलाकारों और शिल्पकारों की भागीदारी से इसे अंतरराष्ट्रीय स्वरूप मिलेगा।
मेले में लोकनृत्य, संगीत, पारंपरिक वेशभूषा और विभिन्न राज्यों के खानपान भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। उल्लेखनीय है कि सूरजकुंड शिल्प मेले की शुरुआत वर्ष 1987 में पारंपरिक हस्तकलाओं और शिल्पकारों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से हुई थी।





