हरियाणा

डहीना चौकी के सब इंस्पेक्टर विकास को किया लाइन हाजिर

Admindelhi1
26 Sept 2026 4:39 PM IST
डहीना चौकी के सब इंस्पेक्टर विकास को किया लाइन हाजिर
x
रेवाड़ी पुलिस में कार्रवाई, डहीना चौकी प्रभारी विकास लाइन हाजिर

रेवाड़ी: रेवाड़ी जिले में ड्यूटी में लापरवाही और शिकायतकर्ताओं से अभद्र व्यवहार के आरोपों को लेकर पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने डहीना चौकी में तैनात सब इंस्पेक्टर विकास को लाइन हाजिर कर दिया है। पिछले करीब 15 दिनों में जिले में पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि डहीना चौकी में तैनात सब इंस्पेक्टर विकास के खिलाफ ड्यूटी में लापरवाही बरतने और शिकायत लेकर आने वाले लोगों से अभद्रता करने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों का मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने के बाद उन्होंने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद सब इंस्पेक्टर विकास को लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए गए।

पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी जनता की सुरक्षा और उनकी शिकायतों का समाधान करना है। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को निर्देश दिए कि वे आमजन के साथ सौम्य और विनम्र व्यवहार करें तथा शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका नियमानुसार समाधान करें।

पुलिस अधीक्षक की ओर से लगातार की जा रही कार्रवाई से पुलिस विभाग में भी हलचल है। बीते करीब 15 दिनों में ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें अब डहीना चौकी के सब इंस्पेक्टर विकास भी शामिल हो गए हैं।

पुलिस प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ड्यूटी के दौरान लापरवाही या आमजन के साथ अनुचित व्यवहार की शिकायत मिलने पर जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में सुधार रखने के निर्देश दिए हैं।

Next Story