हरियाणा

किताबी ज्ञान से आगे बढ़े विद्यार्थी, दिल्ली ट्रेड फेयर का कराया गया शैक्षणिक भ्रमण

Admindelhi1
28 Nov 2026 12:43 PM IST
किताबी ज्ञान से आगे बढ़े विद्यार्थी, दिल्ली ट्रेड फेयर का कराया गया शैक्षणिक भ्रमण
x
GJU के विद्यार्थियों ने जाना व्यापार का व्यावहारिक गणित, बंगला साहिब और इंडिया गेट भी पहुंचे

हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) के अर्थशास्त्र विभाग की ओर से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर-2026 का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया। इस भ्रमण में 36 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। उनके साथ तीन संकाय सदस्य और दो कर्मचारी भी मौजूद रहे।

भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यापार, व्यवसाय, उद्यमिता, विपणन और औद्योगिक विकास की वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराना था। विद्यार्थियों ने मेले में लगाए गए विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग उत्पादों, व्यावसायिक नवाचारों और औद्योगिक उपलब्धियों के बारे में जानकारी हासिल की।

विद्यार्थियों को व्यापार संवर्धन, बाजार प्रतिस्पर्धा, उद्यमिता और आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने में अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलों की भूमिका समझने का अवसर मिला।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना करते हुए उनके अनुशासन और जिम्मेदार व्यवहार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों में समझने का अवसर देते हैं।

अर्थशास्त्र विभाग की अध्यक्षा प्रो. दीप मंगला और विभाग प्रभारी डॉ. सोमनाथ ने भी विद्यार्थियों को इस पहल के लिए बधाई दी।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने गुरुद्वारा बंगला साहिब और इंडिया गेट का भी दौरा किया। इससे उन्हें दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय धरोहर को करीब से जानने का अवसर मिला।

Next Story