
नूंह: हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) उजीना में नशे के विरुद्ध विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देश तथा उप पुलिस महानिरीक्षक एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त फरीदाबाद राजेंद्र कुमार मीना, आईपीएस के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने संस्थान में पहुंचकर विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षकों को नशे के गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी दी।
डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि गुलाब दिवस कैंसर से पीड़ित लोगों के प्रति आशा, संवेदना और जीवन के प्रति सकारात्मक सोच का संदेश देने का दिन है। गुलाब प्रेम और आशा का प्रतीक है। इसी भावना को नशामुक्ति अभियान से जोड़ते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों, परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से बचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल, योग, व्यायाम, अध्ययन, कौशल विकास और सामाजिक सेवा जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे की लत से बचने के उपायों, नशे के दुष्परिणामों तथा नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों के पुनर्वास संबंधी जानकारी भी दी गई। डॉ. वर्मा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा देश की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, कौशल, खेल, सेवा और राष्ट्र निर्माण में लगाएं तो समाज को नई दिशा दी जा सकती है।





