हरियाणा

जल्द लांच होगी राज्य की फिल्म व मनोरंजन पालिसी, पिंजौर में 60-70 एकड़ जमीन पर बनेगी फिल्म सिटी

Gulabi Jagat
1 July 2022 4:01 PM GMT
जल्द लांच होगी राज्य की फिल्म व मनोरंजन पालिसी, पिंजौर में 60-70 एकड़ जमीन पर बनेगी फिल्म सिटी
x
हरियाणा की फिल्म एवं मनोरंजन पालिसी जल्द ही लांच की जाएगी। पिंजौर में फिल्म सिटी के लिए करीब 60-70 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है। इस फिल्म सिटी के माध्यम से हरियाणा और पंजाब की संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को पंजाब व हरियाणा के दिग्गज कलाकारों को आश्वस्त करते हुए यह बात कही। मौका था प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी द्वारा प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर बनाए गए गीतों को रिलीज करने का।
मुख्यमंत्री के साथ दलेर मेहंदी व उनकी धर्मपत्नी, फिल्म अभिनेता हाबी धालीवाल, गायक पम्मी बाई, अभिनेत्री निशा, दिलबाग सिंह, सपना चौधरी ने गीतों को रिलीज किया। दलेर मेहंदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल मिट्टी से जुड़े व्यक्ति हैं, इसलिए जरूरतमंदों से भावानात्मक रूप से जुड़कर उनके कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं।
हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले सात वर्षों में विकास के काफी कार्य किए हैं। शौचालय न होने और खुले में शौच करने की आदत के कारण महिलाओं को पहले बहुत सी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आज शौचालयों की व्यवस्था के कारण महिलाओं को सही मायने में राहत मिली है। इसके लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का धन्यवाद।
इसी तरह पंजाबी गायक पम्मी बाई ने कहा कि ऐसा पहली बार है कि किसी राज्य के मुख्यमंत्री सभी कलाकारों को इस प्रकार एक मंच पर लाकर उनसे मुलाकात कर रहे हैं। कलाकारों को अपनी बात रखने का मौका मिला है।
गायिका डाली गुलेरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मागदर्शन में हरियाणा में हो रहे विकास को देखकर उन्नति की आस बनी है। हरियाणा में प्रवेश करते ही यहां के माहौल और प्रगति को देखकर दिल को ठंडक महसूस होती है।
पंचकूला में आते ही ऐसा भाव आता है कि मानो अपना ही प्रदेश हो। गायक कप्तान लाडी ने कहा कि आज गांवों को आपस में जोड़ने वाली सड़कों की स्थिति बेहतर है, जिससे आवागमन में परेशानी नहीं होती। जमीनी स्तर पर हो रहा विकास नजर आ रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रिंसिपल ओएसडी नीरज दफ्तुआर, भाजपा नेता तरुण भंडारी, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के संयुक्त निदेशक (प्रशासन) अमन कुमार ने भी अपनी बात रखी।
Gulabi Jagat

Gulabi Jagat

    Next Story