
सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले में स्मार्ट आंगनबाड़ी कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली टॉप-18 आंगनबाड़ी वर्कर्स को सम्मानित किया गया। सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में आयोजित समारोह में अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा और जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रवीण कुमारी ने सभी वर्कर्स को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने कहा कि आंगनबाड़ी वर्कर्स बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वे बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ने और उनमें सीखने की रुचि विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट आंगनबाड़ी कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को प्रतिदिन विभिन्न शिक्षण गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाया जा रहा है। इससे बच्चों की सीखने की क्षमता विकसित हो रही है और वे स्कूली शिक्षा के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो रहे हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने सम्मानित वर्कर्स को बधाई देते हुए अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से भी शिक्षा और पोषण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रॉकेट लर्निंग टीम की कार्यक्रम प्रबंधक रीतेश कुमारी, जिला समन्वयक कोमल, वंशिका सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





