सोनीपत के विकास कार्यों को मिलेगी गति, विधायक निखिल मदान ने की समीक्षा

सोनीपत: मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन और लंबित विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए बुधवार को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई। विधायक निखिल मदान ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में सब्जी मंडी को अनाज मंडी के पीछे स्थानांतरित करने और जाट जोशी में 6.36 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित नए बस स्टैंड की डीपीआर जल्द तैयार करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा ड्रेन नंबर-6 को कवर करने, नगर निगम के नए भवन और सुभाष स्टेडियम में मल्टीपरपज हॉल एवं सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया।
विधायक ने मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण, बहालगढ़ रोड की ऑटो मार्केट को सेक्टर-3 में स्थानांतरित करने और शहर की सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विभाग आपसी समन्वय से प्रशासनिक और तकनीकी बाधाओं को दूर करें। जनता से जुड़े विकास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





