Sonipat: सोनीपत में युवक की हत्या, पुलिस ने मामला दर्ज किया

सोनीपत: सोनीपत के राई क्षेत्र में प्रेम संबंध के शक और रुपये के लेनदेन के विवाद में 26 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोसी परिवार के लोगों ने युवक को खेत में ले जाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने युवक के परिजनों को फोन कर हत्या की जानकारी दी।
मृतक की पहचान मेरठ जिले के खंदावली गांव निवासी विशाल के रूप में हुई है, जो राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक बेसन निर्माण कंपनी में प्लांट ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। वह राई क्षेत्र में किराये पर रह रहा था।
मृतक के पिता की शिकायत के अनुसार शनिवार रात पड़ोस में रहने वाले अनुज का फोन आया। फोन पर पीछे से विशाल के चिल्लाने की आवाज सुनाई दे रही थी। जब उन्होंने विशाल से बात कराने को कहा तो दूसरी ओर से जवाब मिला कि विशाल को मार दिया है, आकर उसे ले जाओ। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां विशाल का शव पड़ा मिला। आरोप है कि उसकी लाठी-डंडों से पीटकर हत्या की गई थी।
शिकायत में बताया गया है कि पड़ोसी परिवार को संदेह था कि विशाल के उनके परिवार की एक महिला से प्रेम संबंध हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित ने विशाल से 40 हजार रुपये उधार लिए थे। रुपये वापस मांगने पर रंजिश और बढ़ गई, जिसके बाद सुनियोजित तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
राई थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.





