Sonipat: पूर्ण मूर्ति विद्यापीठ में युवा उद्यमी यात्रा का जोरदार स्वागत

सोनीपत: युवाओं में उद्यमिता की भावना बढ़ाने और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से निकाली जा रही हरियाणा युवा उद्यमी यात्रा-2026 का पूर्ण मूर्ति विद्यापीठ पहुंचने पर मंगलवार को स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिछले महीने गुरुग्राम से दो बसों को हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत की थी।
यात्रा के साथ पहुंचे विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से युवा उद्यमिता, नवाचार, स्टार्टअप, कौशल विकास और स्वरोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के सलाहकार डॉ. कृष्ण कुमार कटारिया, एवीपीएल के उत्तर भारत प्रमुख विंग कमांडर विजय मोहन, एनएसडीसी के महाप्रबंधक अनुपम, एचएसआरएलएम जिला संयोजक डॉ. नवीन नैन भालसी और उद्योग विभाग के अधिकारियों ने युवाओं से कहा कि वे अपनी प्रतिभा और नए विचारों को केवल नौकरी तक सीमित न रखें। सही दिशा, मेहनत और लगातार प्रयास से अपना उद्यम शुरू करने के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
डॉ. कृष्ण कुमार कटारिया ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ना है। दोनों बसें दिसंबर 2026 तक प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा करेंगी। इस दौरान कॉलेज, विश्वविद्यालय, आईटीआई और कोचिंग संस्थानों में युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया, वित्तीय सहायता, ऋण सुविधा, तकनीकी सहयोग और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
पूर्ण मूर्ति विद्यापीठ में बीटेक, वैमानिकी, पॉलिटेक्निक, प्रबंधन, फार्मेसी, विधि, आईटीआई और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों के विचार सुने। संस्था के चेयरमैन डॉ. विजयपाल नैन ने कहा कि यात्रा से प्रदेश में स्टार्टअप और उद्यमिता की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। युवाओं को नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स और आधुनिक तकनीकों को समझकर उनका उपयोग करना समय की जरूरत है। कार्यक्रम के अंत में विशेषज्ञों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।





