Sonipat: ऑनलाइन ठगी में सोनीपत के दो लोग हुए शिकार, 6.38 लाख गायब

सोनीपत: सोनीपत जिले में ऑनलाइन जालसाजों ने दो लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाया है। ठगों ने एक व्यक्ति को टेलीग्राम ग्रुप के जरिये मोटी कमाई का लालच देकर 4 लाख रुपए हड़प लिए, जबकि दूसरे सब्जी विक्रेता से क्यूआर कोड ठीक करने के बहाने 2 लाख 38 हजार रुपए निकाल लिए। दोनों मामलों में कुल 6.38 लाख रुपए की ठगी की शिकायतें थाना साइबर क्राइम सोनीपत में दर्ज हुईं।
पहले मामले में खानपुर कलां निवासी अजय ने शिकायत में बताया कि उसकी टेलीग्राम आईडी पर दिव्या श्रीराम नामक आईडी से संदेश आया। उसे ऑनलाइन टास्क पूरे करने पर भारी कमाई का लालच दिया गया और बाद में उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया। ग्रुप के लोगों ने बार-बार टास्क के बहाने अलग-अलग खातों में पैसे भेजने को कहा।
भरोसा कर अजय ने 8 सितंबर से 30 सितंबर 2025 के बीच कुल 4 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। ठगी का एहसास होने पर उसने 1930 हेल्पलाइन पर कॉल किया और थाना साइबर क्राइम में शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। दूसरे मामले में राई के बीसवां मील निवासी नंदलाल, जो सब्जी की दुकान चलाता है, ने बताया कि उसका क्यूआर कोड खराब था। 04 अक्टूबर 2025 को उसे फोन आया कि क्यूआर कोड ठीक किया जाएगा। युवक ने मोबाइल में कुछ प्रक्रिया करवाई, जिसके बाद उसके खाते से लगातार राशि कटने लगी।
कुल 2 लाख 38 हजार रुपए विभिन्न खातों में ट्रांसफर हो गए। नंदलाल ने भी 1930 पर कॉल कर शिकायत दी और थाना साइबर क्राइम में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। ठगों के बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और यूपीआई आईडी के आधार पर साइबर ट्रेल खंगाला जा रहा है।





