Sonipat: सोनीपत में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो की मौत

सोनीपत: गन्नौर क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पहले हादसे में लड़सौली रेस्ट हाउस के पास देर रात एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार चालक जैनपुर टिकोला निवासी 35 वर्षीय नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर थाना बड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
दूसरे हादसे में जीटी रोड स्थित अपोलो इंटरनेशनल स्कूल के पास मंगलवार रात एक टेंपो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांधी नगर निवासी 25 वर्षीय आशीष के रूप में हुई है, जो बहालगढ़ स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। वह ड्यूटी पर जा रहा था, तभी पीछे से आए टेंपो ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना बड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। उप निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि टेंपो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है।





