हरियाणा

Sonipat: प्रताप स्कूल के तीन खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाएंगे प्रतिभा

Admindelhi1
15 Sept 2026 10:27 AM IST
Sonipat: प्रताप स्कूल के तीन खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाएंगे प्रतिभा
x
एशियन गेम्स में सोनीपत के तीन खिलाड़ी करेंगे प्रतिनिधित्व

सोनीपत: जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स-2026 के लिए प्रताप स्पोर्ट्स स्कूल के तीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का चयन हुआ है। वुशु खिलाड़ी अपर्णा दहिया, पहलवान नितेश और अमन भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। एक ही विद्यालय के तीन खिलाड़ियों का एशियन गेम्स के लिए चयन होना स्कूल प्रबंधन ने गौरव की बात बताया है।

वुशु खिलाड़ी अपर्णा दहिया का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन रहा है। वर्ष 2026 में शंघाई, चीन में आयोजित शंघाई वुशु कप में उन्होंने 52 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। इससे पहले मकाऊ में आयोजित 11वें सांडा वुशु विश्व कप में इसी भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वर्ष 2025 में ब्राजील में 17वीं विश्व वुशु चैंपियनशिप में रजत और चीन में एशियन वुशु कप में स्वर्ण पदक जीता। वर्ष 2024 में मकाऊ में वरिष्ठ एशियन वुशु चैंपियनशिप में रजत तथा रूस के कजान में ब्रिक्स खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया। वर्ष 2022 में मॉस्को अंतरराष्ट्रीय वुशु प्रतियोगिता में युवा 52 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था।

नितेश और अमन ने भी कुश्ती में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर अपनी जगह बनाई है। स्कूल प्रबंधन ने कहा कि दोनों पहलवान पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ एशियन गेम्स में उतरेंगे।

संस्थान के खेल निदेशक ओमप्रकाश दहिया, संस्थापक सतप्रकाश नंबरदार, प्राचार्या दया दहिया, एकेडमिक निदेशक डॉ. सुबोध दहिया, कोच विनोद गुलिया, दिवेश कटारिया, अंकित मलिक, नवीन और रेखा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

डॉ. सुबोध दहिया ने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ खेलों को भी बराबर महत्व दिया जाता है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षित कोच और नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं।

अपर्णा दहिया ने कहा कि एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। उनका लक्ष्य सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतना है।

Next Story