
सोनीपत: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने गुरुवार को हरियाणा के साेनीपत जिले केे सेक्टर-7 स्थित पार्टी कार्यालय से पंजाब के बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत सामग्री से भरा ट्रक रवाना किया। यह ट्रक गुरदासपुर जिले में भेजा गया है, जहां हाल की भारी बारिश और बाढ़ ने हजारों लोगों को प्रभावित किया है। सोनीपत जिले से यह तीसरा ट्रक है, जिसे पीड़ितों की मदद के लिए भेजा गया।
मोहनलाल बडौली ने बताया कि ट्रक में 500 खाद्य पैकेट, 500 मेडिकल किट और 500 तिरपाल शामिल हैं। खाद्य पैकेट में आटा, दाल, चावल, चीनी, हल्दी और अन्य जरूरी सामान रखा गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, हरियाणा सरकार और भाजपा संगठन बाढ़ पीड़ितों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। बडौली ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 सितंबर को पंजाब और हिमाचल प्रदेश का हवाई सर्वेक्षण किया था। इसके बाद दोनों राज्यों के लिए कुल 3100 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की गई। पंजाब को 1600 करोड़ रुपये और हिमाचल प्रदेश को 1500 करोड़ रुपये का पैकेज दिया गया है। बाढ़ में जान गंवाने वालों के परिजनों और घायलों को भी अनुग्रह राशि दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी प्रभावित राज्यों के लिए तुरंत कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री राहत कोष से पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के लिए 5-5 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। इसके अलावा, हरियाणा से लगातार राहत सामग्री के ट्रक भेजे जा रहे हैं। हरियाणा सरकार पड़ोसी धर्म निभाते हुए बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद कर रही है। राज्य में भी बाढ़ प्रभावित किसानों के मुआवजे की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और बड़ी संख्या में फसल नुकसान का पंजीकरण हो रहा है।
उन्होंने हरियाणा की जनता, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि सभी वर्गों का सहयोग इस संकट से निपटने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपील की कि लोग आगे आकर पीड़ित परिवारों की मदद करें ताकि वे जल्द से जल्द सामान्य जीवन में लौट सकें।





