हरियाणा

Sonipat: मकान मालिक की गैरमौजूदगी में चोरों ने दिया वारदात को अंजाम

Admindelhi1
26 Jun 2026 9:55 AM IST
Sonipat: मकान मालिक की गैरमौजूदगी में चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
x

सोनीपत: सोनीपत की शास्त्री कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर करीब 5 लाख 67 हजार 100 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गई हुई थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता मोनिका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 17 जून को रोहतक जिले के गांव खेड़ी-साध में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गई थीं। 23 जून को लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के मुख्य कमरे का ताला टूटा हुआ था। अंदर अलमारी का ताला भी कटा मिला और पूरा सामान बिखरा पड़ा था।

पीड़िता के अनुसार चोर ढाई तोले और एक तोले की दो सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, कानों के झुमके, एक चांदी की चेन, सात जोड़ी चांदी की पाजेब, बच्चों के चांदी के कड़े, चार जोड़ी चुटकी, 500-500 रुपये के नोटों की दो मालाएं, दो चांदी के सिक्के तथा 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 67 हजार 100 रुपये आंकी गई है।

सूचना मिलने पर कोर्ट कॉम्प्लेक्स पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ फिंगर प्रिंट टीम की भी सहायता ली। थाना शहर सोनीपत में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Next Story