हरियाणा

Sonipat: सोनीपत में विद्यार्थियों की प्रतिभा और सेवा भावना सामने आई

Admindelhi1
20 Sept 2026 1:22 PM IST
Sonipat: सोनीपत में विद्यार्थियों की प्रतिभा और सेवा भावना सामने आई
x
सोनीपत में सेवा भावना के साथ विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुतियां

सोनीपत: सोनीपत में सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव अकबरपुर बारोटा स्थित पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को पेंटिंग प्रतियोगिता और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गन्नौर में श्रमदान व करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोनों कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और प्रशिक्षुओं ने उत्साह से भाग लिया। अकबरपुर बारोटा में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा के हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली ने किया।

विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर पेंटिंग बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। विद्यालय परिसर में रंगोली भी तैयार की गई। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य लोगों को सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सोच और रचनात्मकता विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करेगी। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में विद्यार्थियों की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने बच्चों से शिक्षा के साथ कला, खेल, नवाचार और सामाजिक सेवा में भी भाग लेने तथा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया।

वहीं, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गन्नौर में प्रधानाचार्य अमित गौतम ने श्रमदान और करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम की शुरुआत की। प्रधानाचार्य, स्टाफ और प्रशिक्षुओं ने संस्थान को स्वच्छ व व्यवस्थित रखने का संकल्प लिया। इसके बाद कक्षाओं, कार्यशालाओं, मशीनों और उपकरणों की सफाई की गई।

प्रधानाचार्य अमित गौतम ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रशिक्षुओं में सेवा भावना, स्वच्छता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना मजबूत करना है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपने संस्थान और कार्यस्थल को साफ रखने तथा अपने कौशल का उपयोग समाज और देश के विकास में करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शिक्षण व गैर-शिक्षण स्टाफ तथा प्रशिक्षु मौजूद रहे।

Next Story