Sonipat: मुख्य सिपाही के परिवार को मिली 25 लाख की आर्थिक सहायता

सोनीपत: ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले मुख्य सिपाही देवी दयाल के परिवार की मदद के लिए सोनीपत पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने स्वेच्छा से 25 लाख 5 हजार 200 रुपये जुटाए। पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने शुक्रवार को यह राशि उनकी पत्नी को चेक के माध्यम से सौंपी।
मुख्य सिपाही देवी दयाल, निवासी गांव नामुण्डा, जिला पानीपत, कुंडली थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान वाहन की टक्कर लगने से जान गंवा बैठे थे। उनके निधन को पुलिस परिवार ने अपूरणीय क्षति बताया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त मुख्यालय सोनाक्षी सिंह, पुलिस उपायुक्त अपराध नरेंद्र कादयान और सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साथी पुलिसकर्मी के परिवार की मदद के लिए जवानों ने स्वेच्छा से आर्थिक योगदान दिया है।
पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि सोनीपत पुलिस अपने हर जवान और उसके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मी के योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा। उन्होंने इस मानवीय पहल के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों का आभार जताया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जवानों का यह योगदान पुलिस परिवार की एकजुटता, संवेदनशीलता और भाईचारे का उदाहरण है। सोनीपत पुलिस मुख्य सिपाही देवी दयाल के कर्तव्य, समर्पण और बलिदान को हमेशा सम्मान के साथ याद रखेगी और उनके परिवार को हर संभव सहयोग देती रहेगी।





