Sonipat: किशोरी की आत्महत्या ने उठाए सवाल, घरेलू कलह की आशंका

सोनीपत: जिले के राठधाना गांव में एक 17 वर्षीय किशोरी प्रियंका ने अपने ननिहाल में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की मां सुमन, जो कटेवड़ा (दिल्ली) निवासी हैं, ने बताया कि प्रियंका बचपन से ही अपनी नानी के साथ राठधाना गांव में रह रही थी। नानी की मृत्यु के बाद वह मामा चेतराम के साथ रहने लगी, लेकिन उनके जेल चले जाने के बाद प्रियंका अपनी मौसी मंजीत के पास रहने लगी। सुमन ने बताया कि वह छह साल से अपने पति से अलग रह रही हैं और उनके तीन बच्चे हैं।
सुमन ने अपनी चचेरी बहन मंजीत और उसके भाई पर प्रियंका को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हीं कारणों से प्रियंका ने आत्महत्या का कदम उठाया। पुलिस ने सुमन का बयान बेटी अंजली और अन्य परिजनों की उपस्थिति में दर्ज कर लिया है और अब आरोपों की पुष्टि कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





