Sonipat: सोनीपत निगम ने बरसात में अंडरब्रिज पर किया इंतजाम

सोनीपत: सोनीपत में बरसात के दौरान शनि मंदिर अंडरब्रिज पर हादसों से बचाव के लिए प्रशासन ने स्थायी व्यवस्था की है। उपायुक्त सुशील सारवान ने सोमवार को अंडरब्रिज का दौरा किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहां नगर निगम के कर्मचारी 24 घंटे मौजूद रहें। बरसात शुरू होते ही कर्मचारी वाहन चालकों को अंडरब्रिज प्रयोग न करने की जानकारी देंगे और लोगों को जागरूक करेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि यह अंडरब्रिज शहर का काफी व्यस्त मार्ग है। आसपास की कालोनियों का पानी यहां जमा हो जाता है, जिससे कई बार वाहन फंस जाते हैं और दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार और अधिकारियों के साथ अंडरब्रिज की स्थिति की जांच की।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि जलभराव से निपटने के लिए निगम ने सभी जरूरी प्रबंध किए हैं। पंप ऑपरेटरों की ड्यूटी चौबीसों घंटे लगाई गई है, ताकि बारिश का पानी तुरंत निकाला जा सके। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बरसात में किसी वाहन को अंडरब्रिज में न जाने दें। साथ ही अंडरब्रिज के आसपास कूड़ा न डालने के लिए बोर्ड भी लगाए गए हैं। दौरे के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. लक्षित सरीन, संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़ समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने बरसात के मौसम में बीमारियों से बचाव पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस समय मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। जिले के लोग साफ-सफाई पर ध्यान दें और मच्छरों से बचाव के उपाय करें। अगर किसी को बुखार या बीमारी हो तो तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच करवाएं। उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि बरसात में जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें।





