Sonipat: सोनीपत का लाल लखनऊ अग्निकांड का शिकार, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सोनीपत: लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड ने सोनीपत जिले के गांव महिपुर के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में 23 वर्षीय भविष्य शर्मा की मौत हो गई। भविष्य ने हाल ही में एनीमेशन का व्यावसायिक पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद लखनऊ स्थित एक एनीमेशन एवं गेमिंग संस्थान में नौकरी शुरू की थी।
जानकारी के अनुसार भविष्य शर्मा खरखौदा क्षेत्र के गांव महिपुर का निवासी था। उसने महज आठ दिन पहले ही नई नौकरी जॉइन की थी। परिवार और ग्रामीणों को उससे बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक हुए अग्निकांड ने उसके सपनों को अधूरा छोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक इमारत में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें पांच महिलाएं और 10 पुरुष शामिल हैं। अधिकांश मृतकों की आयु 20 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है।
भविष्य शर्मा का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव महिपुर में किया गया। उसकी असमय मृत्यु से पूरे गांव और क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने उसे मेहनती, मिलनसार और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित युवक बताया।
इस बीच हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य शर्मा का असामयिक निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।





