हरियाणा

Sonipat: लघु सचिवालय में सेल्फी प्वाइंट बना खास आकर्षण, तिरंगे के सम्मान की पहल

Admindelhi1
12 Aug 2026 9:06 AM IST
Sonipat: लघु सचिवालय में सेल्फी प्वाइंट बना खास आकर्षण, तिरंगे के सम्मान की पहल
x
लघु सचिवालय में सेल्फी प्वाइंट, देशभक्ति और तिरंगे के सम्मान का संदेश

सोनीपत: हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों को अभियान से जोड़ने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना बढ़ाने के लिए लघु सचिवालय परिसर में सेल्फी प्वाइंट स्थापित किया गया है। सरल केंद्र में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से मंगलवार को विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है।

इसमें नागरिकों को तिरंगे के इतिहास, महत्व, गौरव और सम्मान से जुड़े नियमों की जानकारी दी जा रही है। उपायुक्त नेहा सिंह ने मंगलवार को सेल्फी प्वाइंट पर तिरंगे के साथ सेल्फी ली और जिलावासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। इसके बाद उन्होंने सरल केंद्र में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल घरों पर तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना भी है।

प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य, राष्ट्रीय ध्वज संहिता, तिरंगे की यात्रा और देश की गौरवपूर्ण विरासत को प्रदर्शित किया गया है। इसके माध्यम से लोगों को तिरंगे की मर्यादा और उसके सम्मान से जुड़े नियमों की जानकारी दी जा रही है। लघु सचिवालय परिसर में बनाया गया सेल्फी प्वाइंट नागरिकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। अधिकारी, कर्मचारी और आमजन तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान के प्रति अपनी भागीदारी दर्ज करा रहे हैं। इससे परिसर में अभियान को लेकर लोगों में उत्साह भी देखने को मिल रहा है।

उपायुक्त नेहा सिंह ने जिलावासियों से 17 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा अभियान की वेबसाइट पर अपलोड करें और सामाजिक माध्यमों के जरिए भी अपनी भागीदारी साझा करें। उन्होंने कहा कि अभियान देश के प्रति एकजुटता, गौरव और देशभक्ति की भावना व्यक्त करने का अवसर है।

Next Story