हरियाणा

Sonipat: व्यापारियों के साथ बैठक में सुरक्षा प्लान पर मंथन

Admindelhi1
15 Nov 2025 5:04 PM IST
Sonipat: व्यापारियों के साथ बैठक में सुरक्षा प्लान पर मंथन
x

सोनीपत: सहायक पुलिस आयुक्त अमित धनखड़ की अध्यक्षता में शनिवार को थाना सिविल लाइन क्षेत्र के होटल व ढाबा मालिकों, टैक्सी एसोसिएशन तथा गाड़ी सेल-परचेज कारोबारियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना, चोरी-ठगी पर रोक लगाना

तथा होटल में ठहरने वाले व्यक्तियों और वाहन खरीद-फरोख्त में संलिप्त लोगों की पहचान सुनिश्चित करना रहा। एसीपी अमित धनखड़ ने सभी संचालकों को निर्देश दिए कि होटल, ढाबा या गाड़ी सेल-परचेज कार्य से जुड़े हर व्यक्ति की पहचान का सही अभिलेख रखना अनिवार्य किया जाए। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्व अक्सर ऐसे स्थानों का इस्तेमाल छिपने या गैरकानूनी गतिविधियों के लिए करते हैं।

इसलिए सभी कारोबारी सतर्क रहें और अपनी जिम्मेदारी निभाएं। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच और समय-समय पर तकनीकी सुधार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। एसीपी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज कई मामलों में अपराध की जांच का महत्वपूर्ण आधार बनती है, इसलिए कैमरे हमेशा सही स्थिति में हों।

उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन जनता की सुरक्षा के लिए पूर्णत: समर्पित है, परन्तु सुरक्षा व्यवस्था तभी प्रभावी बनती है जब पुलिस और व्यापारी वर्ग के बीच निरंतर सहयोग बना रहे। सभी संचालक तय नियमों का पालन करें और किसी भी जानकारी को छिपाने के बजाय तुरंत साझा करें। बैठक में थाना सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे। अंत में एसीपी धनखड़ ने कहा कि पुलिस और व्यापारियों के बीच मजबूत संवाद से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सकती है।

Next Story