हरियाणा

Sonipat: आत्महत्या करने वाले दंपती का हुआ पोस्टमार्टम, पुलिस जांच जारी

Admindelhi1
4 Sept 2026 10:50 AM IST
Sonipat: आत्महत्या करने वाले दंपती का हुआ पोस्टमार्टम, पुलिस जांच जारी
x
दंपती की मौत मामले में पोस्टमार्टम पूरा, जांच की गुत्थी नहीं सुलझी

सोनीपत: सोनीपत के गांव कबीरपुर में प्रेम विवाह करने वाले दंपती द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद गुरुवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतकों की पहचान तेवड़ी गांव निवासी ऋतिक (24) और राठधाना निवासी सिमरन (21) के रूप में हुई है। दोनों ने 17 मई 2024 को परिजनों की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। बुधवार को ही ऋतिक ने नई कन्फेक्शनरी की दुकान का उद्घाटन किया था और इस मौके पर हवन कराया गया था। कुछ घंटे बाद दोनों के शव घर में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया था। दोनों के परिवार मौके पर पहुंच गए थे, लेकिन किसी की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है।

परिजनों के अनुसार, ऋतिक टैक्सी चलाता था और पत्नी सिमरन के साथ कबीरपुर में किराये के मकान में रहता था। दोनों एक-दूसरे को स्कूल के समय से जानते थे। शादी के बाद दोनों की कोई संतान नहीं थी। बुधवार सुबह नई दुकान के शुभारंभ के दौरान दोनों सामान्य और खुश नजर आ रहे थे। हवन के बाद दोनों घर लौट आए, जबकि ऋतिक के माता-पिता ड्यूटी पर चले गए।

कुछ समय बाद परिजनों ने दोनों को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठाया। चिंता होने पर परिजन घर पहुंचे। मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। दीवार के सहारे अंदर जाकर दरवाजा खोला गया तो कमरे में ऋतिक पंखे के हुक से फंदे पर लटका मिला। सिमरन बेड के पास पड़ी थी और उसके गले में भी फंदा था, जो टूटा हुआ था। परिजन उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सदर थाना प्रभारी सुखबीर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम गुरुवार को कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता लगेगा। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजन भी मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Next Story