हरियाणा

Sonipat: मुठभेड़ में पुलिस ने पैरोल पर फरार अपराधी को ढेर किया

Admindelhi1
22 Jun 2026 2:38 PM IST
Sonipat: मुठभेड़ में पुलिस ने पैरोल पर फरार अपराधी को ढेर किया
x
एनकाउंटर में मारा गया पैरोल से भागा आरोपी

सोनीपत: जिले में सोमवार तड़के पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश गोपाल की मौत हो गई, जबकि गोली लगने से हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मी को खानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस आयुक्त ममता सिंह के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे सूचना मिली थी कि अटायल गांव निवासी गोपाल नहर के रास्ते एमपी माजरा और खूबडू होते हुए अटायल की ओर बढ़ रहा है। सूचना के आधार पर सीआईए-1 गन्नौर टीम ने इलाके में घेराबंदी की।

पुलिस को देखते ही गोपाल ने भागने की कोशिश की और टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। उसने करीब नौ राउंड गोलियां चलाईं और पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें गोपाल घायल हो गया। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए। मौके से पुलिस ने दो अवैध हथियार, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, कारतूस और कई खाली खोल बरामद किए हैं। फायरिंग में पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, गोपाल पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, फायरिंग सहित 25 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। उसे दो मामलों में उम्रकैद की सजा भी हो चुकी थी। वह करीब 70 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन वापस नहीं लौटा और फरार चल रहा था।

बताया गया कि पैरोल अवधि के दौरान उसने अटायल गांव में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति के घर पर फायरिंग की थी, साथ ही शराब ठेके पर लूट के इरादे से आगजनी और फायरिंग की घटना भी की थी। उसके खिलाफ समालखा क्षेत्र से ब्रेजा कार चोरी का मामला भी दर्ज था। पुलिस के अनुसार, वह सोमवार को भी एक व्यक्ति की हत्या की फिराक में था।

इस कार्रवाई में सीआईए-1 टीम के प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव के नेतृत्व में कई अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Next Story