हरियाणा

Sonipat: सोनीपत में पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के आरोपी को पकड़ा

Admindelhi1
19 Jun 2026 9:56 AM IST
Sonipat: सोनीपत में पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के आरोपी को पकड़ा
x
चाचा और दोस्त की हत्या का आरोपी पुलिस गिरफ्त में

सोनीपत: हरियाणा पुलिस की सतर्कता और सोनीपत पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोहरे हत्याकांड के आरोपी को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी हत्या की घटनाओं को अंजाम देने के बाद दिल्ली की ओर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने भिगान टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार 17 जून को पानीपत के मॉडल टाउन निवासी साहिल मलिक ने पंजाब के डेराबस्सी क्षेत्र में अपने चाचा राहुल मलिक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी शव को कार में रखकर फरार हो गया।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त Mamata Singh ने सभी इकाइयों को सतर्क करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

निर्देश मिलते ही सीआईए और थाना मुरथल पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई और भिगान टोल प्लाजा पर नाकाबंदी की गई।

इसी दौरान पुलिस ने आरोपी के वाहन को रोककर उसे गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि चाचा की हत्या के बाद वह पानीपत पहुंचा, जहां उसने अपने मित्र अंकुश को सेक्टर 13-17 चौक से कार में बैठाया। इसके बाद उसने पानीपत सब्जी मंडी क्षेत्र के पास चलते वाहन में अंकुश की भी गोली मारकर हत्या कर दी और दोनों शवों को सिवाह नहर क्षेत्र के पास फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों शवों की बरामदगी और अन्य साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपी को आगे की जांच के लिए सीआईए-1 पानीपत के हवाले किया गया है।

Next Story