Sonipat: सीवर समस्या से नाराज लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन

सोनीपत: सोनीपत के नरेंद्र नगर की गली नंबर एक में पिछले लगभग एक वर्ष से सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। गली में कई फुट तक गंदा पानी जमा रहने से क्षेत्र तालाब जैसा बन गया है और घरों से बाहर निकलना भी जोखिम भरा हो गया है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान न होने से स्थानीय लोगों में रोष है।
कॉलोनीवासियों के अनुसार सीवर लाइन जाम होने के कारण गंदा पानी घरों के सामने जमा है। बदबू और गंदगी के कारण वातावरण दूषित हो चुका है। जलभराव से स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बुजुर्ग फिसलकर चोटिल हो चुके हैं, जबकि महिलाएं घर से बाहर निकलने में असुरक्षित महसूस कर रही हैं। लोगों का कहना है कि गली में चलना किसी खतरे से कम नहीं है।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि गंदा पानी लंबे समय से भरा रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। उनका कहना है कि यही दूषित पानी पेयजल आपूर्ति में मिलकर घरों तक पहुंच रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर आशंका बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि वे कई बार नगर निगम कार्यालय में शिकायत दे चुके हैं। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दौरा भी किया, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। समस्या जस की तस बनी हुई है।
गुरुवार को बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य निवासियों ने एकत्रित होकर नगर निगम आयुक्त को लिखित शिकायत सौंपी और सीवर लाइन की सफाई, मरम्मत या आवश्यकतानुसार बदलने की मांग की। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। साथ ही निकाय चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने की भी बात कही।





