Sonipat: निफ्टेम कॉलेज गार्ड पर हमला, पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया

सोनीपत: सोनीपत के कुंडली स्थित निफ्टेम कॉलेज में एक सुरक्षा गार्ड पर ड्यूटी के बाद जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद और पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित कृष्णपाल, जो अनुसूचित जाति समुदाय से हैं और कॉलेज में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं, ने बताया कि शुक्रवार दोपहर ड्यूटी के दौरान सहकर्मी अतुल ने उन्हें बिना अनुमति ड्यूटी स्थल छोड़ने को कहा। इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और अतुल ने धमकी दी।
शाम करीब 10 बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद कृष्णपाल स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी कॉलेज के पास गोलचक्कर पर आरोप है कि अतुल ने अपनी कार से उनका रास्ता रोका। इसके बाद तीन कार सवार और दो बाइक सवार समेत कुल छह लोगों ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि सभी ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
होश आने पर पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना दी। उन्हें पहले जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पीड़ित ने पुलिस को मेडिकल रिपोर्ट सौंप दी है और सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।





