हरियाणा

Sonipat: जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: महिपाल ढांडा

Admindelhi1
27 Jun 2026 11:20 AM IST
Sonipat: जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: महिपाल ढांडा
x
जनता की समस्याओं के समाधान को सरकार की प्राथमिकता

सोनीपत: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निपटारा पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जनहित के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

शुक्रवार को लघु सचिवालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित समिति की मासिक बैठक में कुल 16 शिकायतों की सुनवाई की गई। इनमें से नौ शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष सात मामलों में संबंधित विभागों को रिपोर्ट प्रस्तुत कर अगली बैठक से पहले आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान शास्त्री कॉलोनी निवासी सुनीता देवी ने बिजली मीटर बदलने के बाद नया मीटर पोर्टल पर दर्ज नहीं किए जाने के कारण 71,102 रुपये का गलत बिजली बिल जारी होने की शिकायत की। इस पर शिक्षा मंत्री ने संबंधित कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि विभागीय त्रुटि के कारण शिकायतकर्ता से यह राशि नहीं वसूली जाएगी।

बीज मार्केट निवासी बलराज सिंह ने गांव अहमदपुर में सिंचाई के लिए बने पानी के खाल पर कथित कब्जे की शिकायत की। मामले की जांच के लिए उपायुक्त की अध्यक्षता में समिति गठित कर मौका मुआयना कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।

गांव कुराड़ निवासी दर्शनी देवी की स्कूल में कथित गबन की शिकायत की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में समिति बनाई गई, जबकि गांव जांटी कलां निवासी शकुंतला की पैतृक संपत्ति पर कथित कब्जे के मामले की जांच उपमंडल अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति करेगी। इसके अलावा गांव रायपुर निवासी रणजीत सिंह को नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने में आ रही बाधाओं का शीघ्र समाधान करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में सोनीपत विधायक निखिल मदान, गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान, बरोदा विधायक इंदुराज नरवाल, मेयर राजीव जैन, जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, पुलिस आयुक्त ममता सिंह, उपायुक्त नेहा सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चौपड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोहाना बिजेंद्र मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story