हरियाणा

Sonipat: नीट परीक्षा 21 जून को, सोनीपत में 2569 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

Admindelhi1
13 Jun 2026 5:14 PM IST
Sonipat: नीट परीक्षा 21 जून को, सोनीपत में 2569 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
x
21 जून को होने वाली नीट परीक्षा में हजारों परीक्षार्थी शामिल होंगे

सोनीपत: उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-2026 के सफल, शांतिपूर्ण और पारदर्शी आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। सोनीपत शहर में कुल आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2569 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

उपायुक्त ने कहा कि सभी परीक्षार्थियों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश दोपहर 1:30 बजे तक ही मिलेगा, इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय, बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रत्येक केंद्र पर प्रशासन और पुलिस विभाग के नोडल अधिकारी तैनात रहेंगे।

प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए बैंकों में बने स्ट्रॉन्ग रूम में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे और सीसीटीवी कैमरों व पुलिस बल की तैनाती रहेगी। 20 जून को सभी केंद्रों पर मॉक ड्रिल कर तैयारियों की जांच की जाएगी, जिसमें सीसीटीवी और जैमर की कार्यक्षमता भी परखी जाएगी।

पुलिस को पर्याप्त बल तैनात करने और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर तलाशी की सख्त व्यवस्था रहेगी और जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। प्रत्येक केंद्र के पास एम्बुलेंस और मेडिकल टीम मौजूद रहेगी। बिजली बाधित होने पर जनरेटर की व्यवस्था की जाएगी।

उपायुक्त ने परीक्षार्थियों के लिए ड्रेस कोड और प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची भी जारी की है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी आधी बांह के कपड़े पहनकर आएं और खुले चप्पल या हल्के जूते पहन सकते हैं। घड़ी, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैग, बेल्ट और टोपी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षार्थी केवल प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र और पारदर्शी पानी की बोतल साथ ला सकते हैं।

Next Story