हरियाणा

Sonipat: मेयर ने जल संकट पर तत्काल समाधान के निर्देश दिए

Admindelhi1
15 May 2026 10:24 AM IST
Sonipat: मेयर ने जल संकट पर तत्काल समाधान के निर्देश दिए
x

सोनीपत: सोनीपत मेयर चुनाव लगातार दूसरी बार जीतने के बाद राजीव जैन अगले ही दिन एक्शन मोड में दिखाई दिए। गुरुवार को उन्होंने पार्षदों के साथ शहर के वाटर बूस्टिंग स्टेशनों का निरीक्षण किया, अधिकारियों को फटकार लगाई और निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति किसी भी हाल में बाधित नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान कालूपुर चुंगी के पास बने नए बूस्टिंग स्टेशन से कई महीनों बाद भी पानी की सप्लाई शुरू न होने पर मेयर ने फोन पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सभी बूस्टिंग स्टेशनों का तुरंत निरीक्षण किया जाए और दो दिनों के भीतर कमियों को दूर कर रिपोर्ट दी जाए। उन्होंने साफ कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा जनता नहीं भुगतेगी। पार्षदों से भी अपने-अपने वार्ड के बूस्टिंग स्टेशनों पर नजर रखने को कहा गया। मेयर पार्षद संजय ठेकेदार और राजकुमार शर्मा के साथ कालूपुर के नए बूस्टिंग स्टेशन पहुंचे तो वहां ताला बंद मिला। अधिकारियों ने बताया कि यहां लगी दोनों मोटर पच्चीस हॉर्स पावर क्षमता की हैं, जो दबाव से पानी नहीं उठा पा रही हैं। इस पर मेयर ने तुरंत चालीस हॉर्स पावर की मोटर लगाने के निर्देश दिए।

इसके बाद मुरथल गांव स्थित पम्प हाउस का निरीक्षण किया गया। यहां सात में से केवल दो ट्यूबवेल चालू मिले। तीन ट्यूबवेल ट्रांसफार्मर खराब होने से बंद थे, जबकि दो ट्यूबवेल का जलस्तर नीचे जा चुका है। मेयर ने सभी सात ट्यूबवेल जल्द चालू करने के निर्देश दिए ताकि बरसात के दिनों में जाजल क्षेत्र में आने वाली समस्या के समय शहर को निर्बाध पेयजल आपूर्ति हो सके।

महलाना रोड स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर खराब ट्रांसफार्मर को भी तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए गए। मेयर ने कहा कि भीषण गर्मी से पहले सभी कमियां दूर कर लोगों को पानी की किल्लत से बचाना प्राथमिकता है।

Next Story