Sonipat: नकाबपोश बदमाशों ने किसान से मारपीट कर एक लाख रुपये छीने

सोनीपत: जिले के खेड़ी-निरथान मार्ग पर एक किसान के साथ मारपीट कर करीब एक लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया है। घायल किसान का उपचार नागरिक अस्पताल में चल रहा है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, गांव निरथान निवासी राजेश खेती-बाड़ी के साथ-साथ सोनीपत की इंदिरा कॉलोनी स्थित बिजली कार्यालय में चौकीदार के रूप में कार्यरत हैं। मंगलवार सुबह ड्यूटी पूरी कर वह मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे।
रास्ते में खेड़ी और निरथान के बीच दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच नकाबपोश युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। परिजनों के अनुसार, राजेश ने युवकों से उनकी पहचान पूछी और कहा कि शायद वे किसी अन्य व्यक्ति को समझ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में राजेश को कमर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। आरोप है कि हमलावर राजेश के पास मौजूद करीब एक लाख रुपये भी लूटकर ले गए।
बताया जा रहा है कि यह राशि बीमा और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की किस्त जमा कराने के लिए एकत्र की गई थी।
राजेश के पुत्र हर्ष ने बताया कि हमलावरों में से एक युवक का चेहरा खुला हुआ था, जबकि अन्य ने कपड़े से अपने चेहरे ढके हुए थे। परिवार का कहना है कि राजेश की किसी से कोई पुरानी रंजिश या विवाद नहीं है, जिससे घटना के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस जनसंपर्क अधिकारी रविन्द्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से मारपीट की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घायल और उसके परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।





