हरियाणा

Sonipat: टैक्स सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ाने की पहल

Admindelhi1
17 Feb 2026 4:58 PM IST
Sonipat: टैक्स सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ाने की पहल
x

सोनीपत: कर प्रणाली में पारदर्शिता और जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा शुरू किए गए कर हितैषी एप के संबंध में जिला उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त (बिक्रीकर) अरविंद कुमार ने मंगलवार को जिला व्यापार मंडल सोनीपत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में एप की उपयोगिता और कर अनुपालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

अरविंद कुमार ने बताया कि कर हितैषी एप का उद्देश्य जीएसटी व्यवस्था में पारदर्शिता लाना और कर चोरी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। इस एप के माध्यम से कोई भी नागरिक या व्यापारी अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए जीएसटी से जुड़ी अनियमितताओं की शिकायत दर्ज कर सकता है। बिना बिल बिक्री, फर्जी बिलिंग, बिना पंजीकरण व्यापार या अन्य कर उल्लंघन से संबंधित शिकायत फोटो, वीडियो अथवा दस्तावेज के साथ आनलाइन दर्ज की जा सकती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एप के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी। साथ ही व्यापारियों से नियमों का पूर्ण पालन करने तथा अन्य व्यापारियों को भी जागरूक करने की अपील की, ताकि जिले में स्वस्थ और पारदर्शी व्यापारिक वातावरण को बढ़ावा मिल सके।

व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पारदर्शी कर व्यवस्था से ईमानदार व्यापारियों को लाभ मिलेगा और अनुचित प्रतिस्पर्धा पर रोक लगेगी। उन्होंने व्यापारियों के बीच एप के प्रति जागरूकता फैलाने का आश्वासन दिया। बैठक में व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला, शहरी कार्यकारी प्रधान एवं जिला प्रवक्ता पवन तनेजा, युवा प्रधान हिमांशु कुकरेजा, किरयाना एसोसिएशन प्रधान नवीन गर्ग, कर सलाहकार एडवोकेट अरविंद मित्तल, ईटीओ प्रताप सिंह कुंडु तथा डीटीआई अजय सरोहा उपस्थित रहे।

Next Story