Sonipat: चोरी के शक में युवकों के साथ अमानवीय व्यवहार, मामला गरमाया

सोनीपत: सोनीपत के मेहंदीपुर गांव में चोरी के शक में दो युवकों को पकड़कर उनके साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
वीडियो में कुछ ग्रामीण दोनों युवकों को रस्सियों से बांधकर खेत में बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि उन्हें तेज धूप में बैठाकर पूछताछ की गई और मारपीट भी की गई। फुटेज में यह भी दिख रहा है कि उनके हाथ-पैरों के बीच डंडा फंसाकर उन्हें बांधा गया और उनसे कथित तौर पर चोरी स्वीकार कराने का प्रयास किया गया।
ग्रामीणों का दावा है कि दोनों युवक ट्यूबवेल मोटर चोरी कर उसे बेचने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान उन्हें पकड़ लिया गया। वीडियो में दोनों युवक स्वयं को मुरथल क्षेत्र का निवासी बताते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
घटना के दौरान उनसे लगातार पूछताछ की गई और एक युवक दूसरे पर चोरी की योजना में शामिल होने का आरोप लगाते हुए भी नजर आता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से ट्यूबवेल मोटर, बिजली के तार और अन्य कृषि उपकरणों की चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे किसान परेशान हैं। गांव के सरपंच रमेश ने दावा किया कि मेहंदीपुर, गढ़ी और बख्तावरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए दोनों युवक चोरी की मोटर बेचने की फिराक में थे और इसी दौरान उन्हें पकड़ा गया। घटना का वीडियो करीब 18 से 20 दिन पुराना बताया जा रहा है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
वहीं, मुरथल थाना पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





