हरियाणा

Sonipat: कुश्ती में भारत की शानदार कामयाबी, सोनीपत ने किया स्वागत

Admindelhi1
3 Aug 2026 10:05 AM IST
Sonipat: कुश्ती में भारत की शानदार कामयाबी, सोनीपत ने किया स्वागत
x
सात पदक विजेताओं के स्वागत से खेल नगरी में उत्साह

सोनीपत: अजरबैजान के बाकू में आयोजित अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय महिला कुश्ती टीम रविवार को स्वदेश लौटी। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षक दल का भव्य स्वागत किया गया। परिवारजनों, खेल प्रेमियों, अधिकारियों और समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर तथा उत्साहपूर्ण नारों के साथ खिलाड़ियों का अभिनंदन किया।

सशस्त्र सीमा बल से गन्नौर के गांव शेखपुरा निवासी कुश्ती कोच अनिल कुमार रापड़िया ने बताया कि 27 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित इस विश्व प्रतियोगिता में भारतीय महिला टीम ने कुल सात पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। इनमें तीन रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं। टीम चैंपियनशिप में भारत ने 132 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। संयुक्त राज्य अमेरिका 168 अंकों के साथ पहले और जापान 126 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

भारतीय खिलाड़ियों में संध्या विश्नोई ने 46 किलोग्राम भार वर्ग, अक्षरा ने 53 किलोग्राम भार वर्ग तथा नितिका सहरावत ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीते। वहीं कमना बाबल ने 49 किलोग्राम, अवंशिका ने 61 किलोग्राम, तानिया ने 69 किलोग्राम तथा गरिमा ने 73 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक संख्या बढ़ाई।

मुख्य प्रशिक्षक अनिल कुमार रापड़िया के नेतृत्व में टीम ने अनुशासित और दमदार प्रदर्शन किया। प्रशिक्षक गुरुप्रीत कौर, संदीप हरि पाटिल तथा फिजियोथेरेपिस्ट शिवालिक राठी ने पूरे अभियान के दौरान खिलाड़ियों को तकनीकी और शारीरिक रूप से बेहतर तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि इन युवा महिला पहलवानों ने कठिन प्रतिस्पर्धा में अपने हुनर, अनुशासन और संघर्ष से पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय कुश्ती के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है और आने वाले वर्षों में यही खिलाड़ी विश्व स्तर पर देश को नई सफलताएं दिलाएंगी।

भारतीय कुश्ती संघ के महासचिव ओलंपियन जयप्रकाश पहलवान ने कहा कि भारतीय पहलवानों में अपार प्रतिभा है। लगातार मिल रही अंतरराष्ट्रीय सफलताएं यह साबित करती हैं कि देश की नई पीढ़ी विश्व मंच पर मजबूती से अपनी पहचान बना रही है। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय कुश्ती संघ भविष्य में भी खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देता रहेगा, जिससे भारत विश्व कुश्ती में नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।

भारतीय कुश्ती संघ और खेल मंत्रालय ने भी टीम के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी पदक विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षक दल को बधाई दी। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, प्रशिक्षकों और देशवासियों के विश्वास को देते हुए भविष्य में इससे भी बेहतर प्रदर्शन का संकल्प व्यक्त किया।

Next Story