Sonipat: फैक्ट्री वर्कर महिला ट्रक की चपेट में आई, मौके पर मौत

सोनीपत: सोनीपत जिले में गुरुवार हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। काम पर जा रही महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नीरज ने अपनी शिकायत में बताया कि वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले के उघरना गांव का रहने वाला है और वर्तमान में पत्नी छोटी तथा बच्चों सहित कत्था कॉलोनी बहालगढ़ में रहता है। नीरज तथा उसकी पत्नी छोटी, दोनों बहालगढ़ स्थित कंपनियों में नौकरी करते हैं। गुरुवार को उसकी पत्नी छोटी व बहन लक्ष्मी अन्य महिलाओं के साथ कंपनी में काम पर जाने के लिए निकली थीं। जैसे ही वे बहालगढ़ फ्लाईओवर समाप्त होते ही फौजी ढाबे के पास सड़क पार कर रही थीं, तभी पानीपत की दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक चालक ने उसकी पत्नी छोटी को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
टक्कर लगते ही छोटी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी बहन ने फोन कर परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायल छोटी को सिविल अस्पताल सोनीपत में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़ित पति ने बताया कि उसकी पत्नी की मौत पूरी तरह से ट्रक चालक की तेज गति व लापरवाही के कारण हुई है।
घटना की सूचना थाना बहालगढ़ पुलिस को मिलने पर एएसआई अनिल अपनी टीम के साथ सिविल अस्पताल सोनीपत पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





