हरियाणा

Sonipat: व्यापार समझौते के खिलाफ सोनीपत में किसानों ने जताया विरोध

Admindelhi1
5 Jun 2026 12:14 PM IST
Sonipat: व्यापार समझौते के खिलाफ सोनीपत में किसानों ने जताया विरोध
x
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर किसानों ने उठाए सवाल

सोनीपत: भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के विरोध में गुरुवार को सोनीपत के झरोठी टोल प्लाजा (गोहाना क्षेत्र) पर किसानों ने प्रदर्शन किया।

यह प्रदर्शन संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और भारतीय किसान यूनियन (चडूनी) के आह्वान पर किया गया। इस दौरान किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया और बाद में प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला प्रधान बेदी दहिया, प्रदेश सचिव वीरेंद्र खोखर, गोहाना ब्लॉक प्रधान राजबीर माजरा और युवा जिला प्रधान प्रवीण दहिया सहित कई किसान नेताओं ने किया।

किसान नेताओं ने मांग की कि कृषि, डेयरी, पोल्ट्री, पशुपालन, मत्स्य पालन और अन्य कृषि आधारित क्षेत्रों को प्रस्तावित व्यापार समझौते से पूरी तरह बाहर रखा जाए।

भारतीय किसान यूनियन (चडूनी) हरियाणा के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने कहा कि भारत की बड़ी आबादी कृषि पर निर्भर है, जबकि अमेरिका की कृषि व्यवस्था बड़े कॉरपोरेट्स और भारी सरकारी सब्सिडी पर आधारित है। ऐसे में दोनों देशों के किसानों के बीच सीधी प्रतिस्पर्धा भारतीय किसानों के लिए नुकसानदायक होगी।

किसानों का कहना है कि यदि कृषि और डेयरी उत्पादों पर शुल्क कम किया गया या उन्हें शुल्क मुक्त किया गया, तो देश के करोड़ों छोटे किसानों और पशुपालकों की आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। सस्ते आयात से घरेलू बाजार प्रभावित होगा और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाएगा।

Next Story