हरियाणा

Sonipat: गन्नौर में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की कवायद, PGI-एम्स सेंटर की मांग

Admindelhi1
1 Sept 2026 12:38 PM IST
Sonipat: गन्नौर में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की कवायद, PGI-एम्स सेंटर की मांग
x
गन्नौर में PGI-एम्स सैटेलाइट सेंटर की मांग, मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधा

सोनीपत: हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान ने एनएच-44 पर हादसों में घायलों की जान बचाने के लिए गन्नौर में पीजीआई और एम्स का सैटेलाइट सेंटर खोलने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि हाईवे पर आए दिन हादसे होते हैं और गंभीर घायलों को खानपुर, दिल्ली या चंडीगढ़ रेफर करना पड़ता है। समय पर उपचार नहीं मिलने से कई बार मरीजों की जान चली जाती है।

कादियान ने कहा कि पंजाब के संगरूर और फिरोजपुर तथा हिमाचल प्रदेश के ऊना में ऐसे सेंटर संचालित हैं। गन्नौर भी एनएच-44 पर स्थित है। यहां सैटेलाइट सेंटर बनने से गन्नौर के अलावा हाईवे से सटे आसपास के कई विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को आपात स्थिति में तत्काल उपचार मिल सकेगा।

स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने जवाब देते हुए कहा कि सोनीपत में पहले से मेडिकल कॉलेज है। इसके अलावा झज्जर में एम्स और रेवाड़ी में भी एम्स बनने जा रहा है। ऐसे में गन्नौर में अलग से सैटेलाइट सेंटर खोलना संभव नहीं है।

मंत्री के जवाब पर कादियान ने कहा कि यदि जमीन की जरूरत है तो वे हाईवे पर बड़ी में जमीन उपलब्ध कराने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पहले क्षेत्र में ट्रॉमा सेंटर की मांग उठाई गई थी, लेकिन अब सैटेलाइट सेंटर की जरूरत और भी ज्यादा है। गंभीर हादसे के बाद शुरुआती उपचार के लिए मरीज को दूर ले जाना पड़ता है। उन्होंने सेंटर की मांग दोहराते हुए कहा कि समय पर इलाज मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। मंत्री आरती राव ने मामले को देखने का आश्वासन दिया।

Next Story