हरियाणा

Sonipat: विभागों के बीच समन्वय से सफल होगा सेवा संकल्प अभियान

Admindelhi1
10 Sept 2026 7:56 PM IST
Sonipat: विभागों के बीच समन्वय से सफल होगा सेवा संकल्प अभियान
x
सेवा संकल्प अभियान को लेकर विभागों को डीसी के निर्देश

सोनीपत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर उपायुक्त नेहा सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद सभी संबंधित विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की गतिविधियां समयबद्ध तरीके से आयोजित करने के गुरुवार को निर्देश दिए।

उपायुक्त ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से होगी। इसके तहत बूथ स्तर के साथ अमृत सरोवरों, धार्मिक स्थलों और जिले में प्रधानमंत्री द्वारा शिलान्यास व उद्घाटन किए गए प्रमुख प्रोजेक्ट्स पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने बूथ स्तर के कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने और सभी बूथों पर कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की तिथि और स्थान की जानकारी उपायुक्त कार्यालय को दी जाए, ताकि जिला स्तर पर कार्यक्रमों का कैलेंडर तैयार किया जा सके। सभी विभाग अपने स्तर पर भी नोडल अधिकारी नियुक्त करें। उन्होंने सभी बीडीपीओ को ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रमों के लिए जल्द स्थान तय करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि जो विभाग अभियान से सीधे नहीं जुड़े हैं, वे भी अपने नए और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की जानकारी साझा करें। इससे जनहित के कार्यों और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाया जा सकेगा।

अभियान के माध्यम से जनसेवा, सुशासन, कल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विकसित भारत-2047 के संकल्प की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। इसमें नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रमों की फोटो और वीडियोग्राफी कर दस्तावेजीकरण तथा सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला नोडल अधिकारी अजय चोपड़ा, एसडीएम सुभाष चंद्र, सीटीएम सिमरन, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Next Story